भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में वृद्धि, लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किए आदेश
01 जून 2026
रिपोर्ट विशेष संवाददाता श्री निवास मिश्रा
भोपाल/मैहर। प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए मध्यप्रदेश लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय, गौतम नगर भोपाल द्वारा 29 मई 2026 को आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा लगातार हीट वेव की चेतावनी जारी की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के हित में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में संशोधन किया गया है।
*7 जून तक बढ़ाया गया अवकाश*
आदेश के मुताबिक शिक्षकों का ग्रीष्मकालीन अवकाश अब 1 मई 2026 से 7 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। इससे पूर्व घोषित अवकाश अवधि में संशोधन करते हुए यह निर्णय लिया गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के समस्त शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों पर यह आदेश लागू होगा। वहीं दशहरा, दीपावली एवं शीतकालीन अवकाश पूर्ववत यथावत रहेंगे और उनमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है।
*स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता*
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए यह निर्णय शिक्षकों के स्वास्थ्य हित में लिया गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में दोपहर के समय तापमान अत्यधिक बढ़ जाने से सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
*सभी जिलों को भेजे गए निर्देश*
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयकों, कलेक्टरों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजी गई है, ताकि आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित किया जा सके।
शिक्षक संगठनों ने शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि भीषण गर्मी के बीच अवकाश अवधि बढ़ाया जाना एक सकारात्मक कदम है, जिससे शिक्षकों को राहत मिलेगी और वे नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां बेहतर ढंग से कर सकेंगे।