-->
आंचलिक किसान संघ का सरिया में धरना प्रदर्शन, मांगों पर आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन

आंचलिक किसान संघ का सरिया में धरना प्रदर्शन, मांगों पर आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन


 आंचलिक किसान संघ का सरिया में धरना प्रदर्शन, मांगों पर आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन


सारंगढ़-बिलाईगढ़// किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर आंचलिक किसान संघ द्वारा सरिया के अटल चौक में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में किसान धरना स्थल पर पहुंचे और डीजल, खाद तथा कृषि संबंधी अन्य समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं।


आंचलिक किसान संघ के अध्यक्ष मोहन पटेल ने कहा कि खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल और रासायनिक खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। किसानों ने डिब्बे में डीजल देने, खाद की उपलब्धता बढ़ाने तथा वितरण की लिमिट में वृद्धि की मांग की। प्रदर्शन के दौरान किसानों और अधिकारियों के बीच मांगों को लेकर चर्चा भी हुई। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।


धरना स्थल पर सारंगढ़ एसडीएम डॉ. वर्षा बंसल, तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू, वरिष्ठ कृषि अधिकारी बसंत नायक, थाना प्रभारी नंदलाल राठिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों को शासन के नियमों और वर्तमान व्यवस्था की जानकारी देते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।


तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू ने बताया कि किसानों द्वारा तीन सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया था, जिसमें डीजल-पेट्रोल एवं रासायनिक खाद की पर्याप्त उपलब्धता, खाद वितरण की लिमिट बढ़ाने तथा डिब्बे में डीजल देने की मांग शामिल थी। उन्होंने कहा कि एसडीएम डॉ. वर्षा बंसल की उपस्थिति में किसानों को सभी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई है। किसानों से प्राप्त ज्ञापन को कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ को भेजकर शासन स्तर पर अवगत कराया जाएगा तथा निराकरण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार किसानों को प्रति एकड़ दो बोरी यूरिया और एक बोरी डीएपी दिए जाने का प्रावधान है। वर्तमान में समितियों में सीमित स्टॉक होने के कारण एक बोरी का वितरण किया जा रहा है, जबकि अगली खेप आने पर शेष खाद किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। डिब्बे में डीजल देने के संबंध में उन्होंने कहा कि कृषि प्रयोजन के लिए एसडीएम की अनुमति से डीजल लिया जा सकता है। साथ ही किसानों को यह आश्वासन भी दिया गया कि इस विषय पर कलेक्टर से चर्चा कर तहसीलदार स्तर पर सक्षम अधिकारी नियुक्त करने के संबंध में आवश्यक पहल की जाएगी।


प्रशासन से मिले आश्वासन और चर्चा के बाद किसानों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में फिर आंदोलन किया जाएगा।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article