देवघर में फर्जी पुलिस बनकर लूट करने वाला वर्दी गैंग गिरफ्तार, 10 अपराधी दबोचे
26 जुलाई 2026
देवघर संवाददाता : अरविन्द यादव
देवघर पुलिस को मिली बड़ी सफलता पुलिस ने फर्जी पुलिस बनकर लूटपाट करने वाले एक वर्दी गैंग का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान दस अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से अवैध हथियार, पुलिस की वर्दी, कैमोफ्लाज ड्रेस, पुलिस स्टिक और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
देवघर जिले में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि जसीडीह थाना क्षेत्र के कोकराझोरी से रोशन मोड़ जाने वाली मुख्य सड़क किनारे एक अधनिर्मित मकान में कुछ अपराधी एकत्र होकर बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दस अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को साइबर पुलिस बताता था और लोगों को डराकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य मुख्य रूप से मोहनपुर और देवीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना मुबारक अंसारी उर्फ गुड्डू है। इसके अलावा फारुख अंसारी, सुलेमान साह, पाण्डेय यादव, अल्ताफ अंसारी समेत अन्य सदस्य भी गिरफ्तार किए गए हैं। जांच में सामने आया कि पिछले कुछ महीनों में इस गिरोह ने जसीडीह, सोनारायठाढ़ी, मोहनपुर, मधुपुर और पथरोल थाना क्षेत्रों में पुलिस बनकर कई घटना को अंजाम दिया था।गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ जसीडीह थाना कांड संख्या
248/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है और कई गंभीर मामलों में पहले से आरोपित हैं।छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, पांच कैमोफ्लाज टी-शर्ट, पांच कैमोफ्लाज पैंट, पांच कैमोफ्लाज टोपी, चार प्लास्टिक पुलिस स्टिक और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।