वृहद वृक्षारोपण महाअभियान को जन-जन का अभियान बनाएं : अपर आयुक्त प्रियंकासमाजसेवी संस्थाओं, सहरिया जनजाति, महिलाओं एवं बच्चों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश12 जुलाई को जनपद ललितपुर में होगा वृहद वृक्षारोपण महाअभियान, तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षाअपर आयुक्त झांसी ने कलेक्ट्रेट सभागार में की समीक्षा, सभी विभागों को लक्ष्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देशललितपुर (अनूप नागल पत्रकार):- प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 को जन-जन का अभियान बनाने के उद्देश्य से अपर आयुक्त, झांसी मंडल श्रीमती प्रियंका ने जनपद में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों की कलेक्ट्रेट सभागार में विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में अपर आयुक्त ने विभिन्न विभागों के लिए निर्धारित लक्ष्य, पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की तैयारी, रोपण स्थलों की व्यवस्था तथा कार्यक्रम के सफल संचालन के संबंध में बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम न होकर जनभागीदारी का महाअभियान बने। उन्होंने प्रभागीय निदेशक वानिकी को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनपद की सभी समाजसेवी संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, शिक्षण संस्थानों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों तथा विशेष रूप से सहरिया जनजाति के लोगों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण शत-प्रतिशत कराया जाए तथा सभी रोपण स्थलों पर पूर्व तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। पौधों की गुणवत्ता, समय से उपलब्धता, गड्ढों की तैयारी, सिंचाई व्यवस्था एवं पौधों के संरक्षण की समुचित कार्ययोजना भी सुनिश्चित की जाए ताकि लगाए गए पौधे दीर्घकाल तक सुरक्षित रह सकें। समीक्षा के दौरान अपर आयुक्त ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं तथा पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अभियान को उत्सव के रूप में आयोजित करने तथा प्रत्येक नागरिक को इस महाअभियान से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में विभागवार लक्ष्य एवं तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि रोपण स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अपर आयुक्त ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। प्रत्येक विभाग लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी एवं देखभाल सुनिश्चित करे, जिससे अभियान का वास्तविक उद्देश्य सफल हो सके। बैठक में वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा सभी ने 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण महाअभियान को पूर्ण सफलता के साथ संपन्न कराने का विश्वास व्यक्त किया। बैठक में विभागवार निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्यों की विस्तृत समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि जनपद ललितपुर में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा कुल 9,30,340 पौधों का रोपण किया जाएगा। इनमें वन विभाग को सर्वाधिक 5,00,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसके अतिरिक्त ग्राम्य विकास विभाग को 2,01,800, कृषि विभाग को 66,000, पंचायती राज विभाग को 52,000, राजस्व विभाग को 39,800, शिक्षा विभाग को 36,400, नगर विकास विभाग को 30,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शेष लक्ष्य अन्य विभागों को उनके कार्यक्षेत्र एवं उपलब्ध भूमि के अनुसार आवंटित किए गए हैं। अपर आयुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वृक्षारोपण सुनिश्चित किया जाए तथा पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, जिससे अभियान के दीर्घकालिक एवं सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो सकें।
11 जुलाई 2026