आंगनबाड़ी पर लटका ताला, बच्चों का भविष्य भगवान भरोसे! चवरपुर के पकरीपारा केंद्र से कार्यकर्ता-सहायिका दोनों गायब”
09 जुलाई 2026
साइंस वाणी न्यूज़ लैलूंगा/रायगढ़
जिला संवाददाता :– प्रेमसागर यादव
July 9, 2026
*केंद्र हमेशा बंद रहने का आरोप, कार्यकर्ता निजी काम में व्यस्त तो सहायिका ने कहा– ‘राशन लेने गई हूं’; ग्रामीणों में भारी नाराजगी*
लैलूंगा। रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चवरपुर के पकरीपारा आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह केंद्र अधिकांश समय बंद रहता है, जिससे छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कंचन पैंकरा और सहायिका किरण पैंकरा अक्सर केंद्र से अनुपस्थित रहती हैं। बताया जा रहा है कि जब केंद्र का जायजा लिया गया तो वहां ताला लगा मिला और दोनों कर्मचारी मौजूद नहीं थीं।
ग्रामीणों का कहना है कि कार्यकर्ता कंचन पैंकरा अपने निजी कार्य और निजी समूह की बैठकों में व्यस्त रहती हैं, जबकि संपर्क करने पर सहायिका किरण पैंकरा ने “राशन लेने गई हूं” कहकर जवाब दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह के जवाब अक्सर दिए जाते हैं, जबकि केंद्र नियमित रूप से संचालित नहीं होता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण आहार और महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन केंद्र के लगातार बंद रहने से शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।