स्वतंत्रता दिवस पर मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, युवाओं की अनूठी पहल
*स्वतंत्रता दिवस पर मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, युवाओं की अनूठी पहल*
*ग्राम पाट में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कार व मेडल देकर बढ़ाया हौसला*
सारंगढ़ बिलाईगढ़, ज़िले के कोसीर क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पाट में युवा संगठन सेवा समिति द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
ग्राम स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, मेडल और पेन प्रदान किए गए। वहीं तृतीय स्थान सहित सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मेडल व पेन देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, सचिव, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और वरिष्ठ नागरिकों का भी श्रीफल एवं मेडल पहनाकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों ने युवा संगठन सेवा समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और भविष्य में भी समिति को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
समिति के सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है। समिति शिक्षा, स्वच्छता, पेयजल और अन्य सामाजिक कार्यों में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।