गड्ढों में डूबा गाताडीह–सरायपाली मार्ग, हर सफर पर हादसे का डर
*गड्ढों में डूबा गाताडीह–सरायपाली मार्ग, हर सफर पर हादसे का डर*
*बरसात से सड़क की बदहाली और बढ़ी, जान जोखिम में डालकर आवागमन करते हैं। राहगिर; जल्द मरम्मत की उठी मांग*
सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ विकासखंड के गाताडीह से सरायपाली को जोड़ने वाला मुख्य सड़क मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सफर जोखिम भरा हो गया है।
यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख आवागमन का साधन है। प्रतिदिन किसान, छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग और छोटे-बड़े वाहन इसी सड़क से गुजरते हैं। लेकिन जर्जर सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही सड़क की हालत और खराब हो गई है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया है। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई, तो बरसात के दिनों में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।