कलमी की मिट्टी से निकला लाल, अब देश की रक्षा में तैनात! नीलेश यादव की कामयाबी ने गांव को किया गौरवान्वित
संघर्ष, कड़ी मेहनत, जुनून और जज़्बे की मिसाल बने अग्निवीर नीलेश यादव — देश की रक्षा के लिए खुद को किया समर्पित
रायगढ़ जिले के अंतिम छोर पर बसे छोटे से गांव कलमी के एक मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर युवा नीलेश यादव ने यह साबित कर दिया कि अगर दिल में आत्मविश्वास, आंखों में सपना और उसे पूरा करने का जुनून हो, तो मंजिल कितनी भी ऊंची क्यों न हो, उसे हासिल किया जा सकता है।
कभी टूटी साइकिल से सफर तय करने वाला यह युवा आज अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर वायुयान के जरिए आसमान की बुलंदियों तक पहुंचकर देश की रक्षा के लिए वीर योद्धा के रूप में समर्पित हो चुका है। नीलेश की यह कामयाबी केवल उनके परिवार की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे कलमी गांव के लिए गर्व और गौरव का विषय है।
नीलेश ने अपनी मंजिल पाने के लिए दिन-रात मेहनत की। रास्ते में आने वाली कठिनाइयों को चुनौती माना, सुख-सुविधाओं का त्याग किया और अपने लक्ष्य से कभी पीछे नहीं हटे। उनकी इसी लगन और जज़्बे ने आखिरकार उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाया, जहां आज वे भारत माता की सेवा और देश की रक्षा के संकल्प के साथ खड़े हैं।
ऐसे बेटे को जन्म देने वाले माता-पिता भी निश्चित रूप से बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने अपने संस्कारों और हौसले से नीलेश जैसे होनहार युवा को देशसेवा की राह पर आगे बढ़ाया। नीलेश ने केवल अपने परिवार का नाम रोशन नहीं किया, बल्कि अपने गांव और क्षेत्र की पहचान को भी गौरवान्वित किया है।
कलमी की मिट्टी से निकला यह बेटा आज देश की आन, बान और शान के लिए समर्पित है। नीलेश यादव की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखते हैं लेकिन परिस्थितियों के सामने खुद को कमजोर समझने लगते हैं।
नीलेश की सफलता यह संदेश देती है कि साधन छोटे हो सकते हैं, लेकिन हौसले बड़े हों तो मंजिल आसमान से भी ऊंची हासिल की जा सकती है।
देश की सेवा के लिए समर्पित अग्निवीर जवान नीलेश यादव को पूरा कलमी गांव सलाम करता है।