दलदल से पक्की सड़क तक पहुंचा मुक्तिधाम का रास्ता, प्रशासन की मेहनत लाई रंग
11 अगस्त 2026
दलदल से पक्की सड़क तक पहुंचा मुक्तिधाम का रास्ता, प्रशासन की मेहनत लाई रंग
ललितपुर। ईलाइट चौराहा के नजदीक स्थित मुक्तिधाम को जाने वाली सड़क, जो लंबे समय से दलदल और कीचड़ की समस्या से जूझ रही थी, अब पक्की कंक्रीट सड़क में तब्दील हो चुकी है। ललितपुर प्रशासन के अथक प्रयासों से इस महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों और अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम पहुंचने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। काफी समय से मुक्तिधाम तक जाने वाला मार्ग बारिश एवं जलभराव के कारण दलदल का रूप ले चुका था। सड़क की स्थिति इतनी खराब थी कि यहां से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता था। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से किसी परिवार के सदस्य की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम पहुंचने वाले लोगों को इस खराब मार्ग के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। समस्या की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देशन एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रयासों से मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए। वहीं अपर जिलाधिकारी एवं नमामि गंगे से जुड़े अधिकारियों के स्तर से भी लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप लंबे समय से बदहाल पड़े मार्ग को अब पक्की कंक्रीट सड़क का स्वरूप मिल गया है।
सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों में भी संतोष दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान होने से मुक्तिधाम तक पहुंचना अब काफी आसान हो गया है। बारिश के दिनों में कीचड़ और दलदल के कारण जहां लोगों को काफी परेशानी होती थी, वहीं अब पक्की सड़क बनने से आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मुक्तिधाम जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग का बेहतर होना बेहद आवश्यक था। अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील समय में लोगों को सड़क की बदहाली के कारण परेशानी उठानी पड़ती थी। अब सड़क निर्माण से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा कराए गए इस कार्य को शहर के विकास और जनसुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच मुक्तिधाम मार्ग का पक्की सड़क में तब्दील होना स्थानीय लोगों के लिए राहत की खबर है।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देशन में प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों से वर्षों जैसी दिख रही समस्या का समाधान हुआ है और दलदल में तब्दील मार्ग अब मजबूत एवं पक्की सड़क के रूप में लोगों के आवागमन के लिए तैयार है।
चरन सिंह प्रभारी उत्तर प्रदेश एवं मनीषा विशेष संवाददाता उत्तर प्रदेश