रेल ट्रैक मरम्मत के चलते बम्हौरी-ललितपुर मार्ग चार दिन रहेगा बंद
20 अगस्त 2026
रेल ट्रैक मरम्मत के चलते बम्हौरी-ललितपुर मार्ग चार दिन रहेगा बंद
ललितपुर। जीरोन-ललितपुर रेलखंड के मध्य स्थित समपार संख्या 328C, किमी 1031/2-4 डाउन रोड पर आवश्यक रेल ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते बम्हौरी से ललितपुर जाने वाला सड़क मार्ग चार दिनों के लिए बंद रहेगा। उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता रेल पथ (दक्षिण), ललितपुर द्वारा इस संबंध में जिला प्रशासन को सूचना भेजकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कराने का अनुरोध किया गया है।
रेलवे द्वारा जारी पत्र के अनुसार समपार संख्या 328C पर ट्रैक की अति आवश्यक मरम्मत का कार्य किया जाना है। इसके चलते 20 अगस्त 2026 से 23 अगस्त 2026 तक इस समपार पर सड़क यातायात पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इस दौरान बम्हौरी से ललितपुर तथा संबंधित मार्ग से आवागमन करने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेल प्रशासन ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि यातायात बंदी के दौरान आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि मरम्मत कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके और किसी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।रेलवे की ओर से इस सूचना की प्रतिलिपि सहायक मंडल अभियंता ललितपुर, जिलाधिकारी ललितपुर, रेलवे सुरक्षा बल ललितपुर, थाना जाखलौन, स्टेशन प्रबंधक जीरोन, ग्राम प्रधान बम्हौरी तथा वरिष्ठ मंडल अभियंता झांसी को भी भेजी गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में समपार संख्या 328C की ओर जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सड़क यातायात पुनः सामान्य किए जाने की उम्मीद है।चार दिन की बंदी के दौरान वाहन चालकों से सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।