-->
अमृता देवी बलिदान दिवस पर गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ड्राइवर एकता मजदूर संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अमृता देवी बलिदान दिवस पर गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ड्राइवर एकता मजदूर संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन






शक्ति, रायगढ़ और खरसिया में पौधरोपण के साथ संरक्षण का संकल्प; जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 1 अक्टूबर की विशाल श्रमिक मांग रैली में जुटने का आह्वान

शक्ति/रायगढ़, छत्तीसगढ़। भारतीय मजदूर संघ की रीति-नीति के अनुसार अमृता देवी बलिदान दिवस को पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में ड्राइवर एकता मजदूर संघ, शक्ति-रायगढ़ जिला, संबद्ध भारतीय मजदूर संघ द्वारा शक्ति, रायगढ़ एवं खरसिया में वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी शामिल हुए।




कार्यक्रम में वर्तमान सरपंच की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य वक्ता भारतीय मजदूर संघ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी श्रीमती गीता सोनी ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों की रक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।




श्रीमती गीता सोनी ने कहा कि अमृता देवी बिश्नोई सहित 363 वीरों ने पेड़ों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनके त्याग और बलिदान को नमन करते हुए आज समाज को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण संतुलन के लिए ही आवश्यक नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए जीवनदायिनी धरोहर हैं। पौधे लगाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी है।



वृक्षारोपण के साथ संरक्षण का लिया संकल्प

ड्राइवर एकता मजदूर संघ के महामंत्री श्री सुलेश्वर पटेल ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।


कार्यक्रम का मंच संचालन महामंत्री श्री सुलेश्वर पटेल ने किया, जबकि अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती अनीता आजाद ने की। कार्यक्रम श्रीमती गीता सोनी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यालय मंत्री श्रीमती सरिता, सोहन गबेल, कोषाध्यक्ष गणेश प्रसाद, संगठन मंत्री चंद्रशेखर, मंत्री संतोष चौहान, कार्यकर्ता कांता कुमार, अध्यक्ष कमलेश, मनोहर, गौतम दास, तेज प्रताप, हीरालाल सहित ड्राइवर एकता मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

पर्यावरण संरक्षण एवं जिले में बढ़ते प्रदूषण की रोकथाम को लेकर ड्राइवर एकता मजदूर संघ द्वारा जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण, अवैध वृक्ष कटाई पर रोक, प्लास्टिक एवं पॉलिथीन के उपयोग पर नियंत्रण, जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने तथा औद्योगिक प्रदूषण की नियमित जांच सहित विभिन्न मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।

1 अक्टूबर की विशाल श्रमिक मांग रैली में जुटने का आह्वान

कार्यक्रम के दौरान भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के आह्वान पर 1 अक्टूबर को आयोजित होने वाली विशाल श्रमिक मांग रैली के संबंध में भी जानकारी दी गई।

श्रीमती गीता सोनी ने चालक भाइयों एवं श्रमिक साथियों को रैली के उद्देश्य और श्रमिकों की विभिन्न लंबित मांगों से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकार और लंबित मांगों को मजबूती से उठाने के लिए सभी चालक एवं श्रमिक साथी एकजुट होकर रैली में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

ड्राइवर एकता मजदूर संघ ने भी अधिक से अधिक चालकों एवं श्रमिक साथियों को रैली में शामिल कराने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article