सक्ती में जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20 जुआरी गिरफ्तार
25 सितंबर 2026
हटरी चौक के अग्रसेन भवन के पास अलग-अलग फड़ लगाकर खेल रहे थे काटपत्ती जुआ, ₹2.22 लाख नकद सहित ₹7.22 लाख का मशरूका जब्त
साइंस वाणी न्यूज़ को प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 25 सितंबर 2026। जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से ₹2 लाख 22 हजार नगद, 19 नग मोबाइल फोन और 4 गड्डी ताश बरामद कर जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹7 लाख 22 हजार बताई गई है। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) ने जिले में जुआ, सट्टा, नशे के कारोबार सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल (रापुसे) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान 24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि हटरी चौक स्थित अग्रसेन भवन के पास कुछ लोग अलग-अलग फड़ लगाकर रुपये-पैसों का दांव लगाते हुए ‘काटपत्ती’ जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सक्ती पुलिस ने तत्काल टीम गठित की और बताए गए स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की घेराबंदी और तत्परता के चलते सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर विधिवत तलाशी एवं जप्ती की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान जुआरियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से ₹2,22,000 नगद, विभिन्न कंपनियों के 19 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹5 लाख, तथा 52 पत्ती ताश की 4 गड्डियां बरामद की गईं। इस तरह पुलिस ने कुल करीब ₹7.22 लाख का मशरूका जब्त किया।
पुलिस ने मौके से पकड़े गए सभी 20 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रशेखर शर्मा, राजेश अग्रवाल, मनीष राठौर, रितेश अग्रवाल, अंकित अग्रवाल उर्फ कालू, सौरभ अग्रवाल, विपूल अग्रवाल, सावन कुमार अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, तरूण भिंडवानी, नितिन अग्रवाल, प्रियांशु अग्रवाल, आदर्श अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, नटवर अग्रवाल, दिनेश कथुरिया, बंटी अग्रवाल, रितेश अग्रवाल एवं प्रताप अग्रवाल शामिल हैं।
थाना सक्ती पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से जुआ संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
साइंस वाणी न्यूज़ से शक्ति से संवाददाता अशोक जायसवाल की रिपोर्ट