ऑनलाइन सट्टे के हाईटेक नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहारजांजगीर-चांपा में BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
15 सितंबर 2026
जांजगीर-चांपा। ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि आरोपी मास्टर एडमिन से लेकर आईडी होल्डर तक नेटवर्क संचालित कर रहे थे। मोबाइल ऐप, WhatsApp और Telegram के माध्यम से सट्टे का कारोबार चलाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, लेन-देन में USDT यानी क्रिप्टो करेंसी का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।
जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों में 30 लाख रुपये से अधिक के ट्रांजेक्शन का खुलासा होने की बात सामने आई है। मुख्य आरोपी शैलेंद्र द्वारा करीब 20 लाख रुपये का ऑनलाइन सट्टा खेलने की बात स्वीकार किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट और चैट से संबंधित सामग्री बरामद की है। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
साइबर जागरूकता अभियान के बीच ऑनलाइन सट्टे के इस नेटवर्क पर हुई कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
संवाददाता – सूर्य बरेठ / नोहर लाल सारथी