आइस बॉक्स और जाल से मत्स्य कृषकों को मिला सहारा, मछली व्यवसाय में बढ़ेगी आमदनी
25 सितंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ
रायगढ़, 24 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के मत्स्य कृषकों को आजीविका के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी क्रम में मत्स्य विभाग द्वारा चार मत्स्य कृषकों को आइस बॉक्स एवं जाल वितरित किए गए।
ग्राम बनसिया की मालती सिदार एवं गुलापी सिदार, ग्राम तिऊरपारा के सतीश बेहरा तथा बोईरदादर के अभिषेक भौमिक लंबे समय से मछली व्यवसाय से जुड़े हैं। संसाधनों की कमी के कारण उन्हें मछली पकड़ने के साथ-साथ मछलियों को सुरक्षित रखने और बाजार तक पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से आइस बॉक्स उपलब्ध नहीं होने से मछलियों को लंबे समय तक ताजा रखना चुनौतीपूर्ण था।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान मत्स्य विभाग ने ऐसे मत्स्य कृषकों की आवश्यकताओं को चिन्हांकित कर उन्हें जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई। आइस बॉक्स एवं जाल मिलने से अब मत्स्य कृषकों को मछली पकड़ने, सुरक्षित भंडारण करने और बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। इससे मछलियों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ बेहतर बिक्री का अवसर भी मिलेगा।
हितग्राही मालती सिदार ने बताया कि आइस बॉक्स और जाल मिलने से मछली व्यवसाय में काफी सहूलियत होगी। वहीं सतीश बेहरा ने कहा कि लंबे समय से आइस बॉक्स नहीं होने के कारण मछलियों को सुरक्षित रखने में परेशानी होती थी, लेकिन अब यह समस्या काफी हद तक दूर होगी। अभिषेक भौमिक ने कहा कि उपलब्ध कराए गए संसाधनों से व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मत्स्य विभाग की इस पहल से स्थानीय मत्स्य कृषकों को जरूरी संसाधन उपलब्ध होने के साथ उनके पारंपरिक व्यवसाय को बेहतर तरीके से संचालित करने और आजीविका को मजबूत बनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।