सेवा की कहानी: मातृ वंदना और महतारी वंदन योजना बनी माताओं का सहारापोषण, स्वास्थ्य और बच्चों की जरूरतों के लिए मिल रही आर्थिक मदद, शासन की योजनाओं से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल
25 सितंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ
रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महतारी वंदन योजना के माध्यम से रायगढ़ जिले की महिलाओं को मातृत्व के दौरान स्वास्थ्य, पोषण और घरेलू जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है।
योजनाओं से लाभान्वित मीना राय और निरूपा वैष्णव ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है।
मीना राय को पहले बच्चे पर 5 हजार और दूसरे बच्चे पर 6 हजार रुपए की सहायता
रायगढ़ निवासी मीना राय ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी मिली। आवेदन प्रक्रिया में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सहयोग किया। पात्रतानुसार उन्हें पहले बच्चे के समय 5 हजार रुपए तथा दूसरे बच्चे के समय 6 हजार रुपए की सहायता राशि प्राप्त हुई।
मीना ने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने अपने स्वास्थ्य और पोषण के लिए फल सहित अन्य जरूरी खाद्य सामग्री खरीदने में किया। इसके अलावा महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली हर महीने 1 हजार रुपए की राशि भी उनके परिवार के लिए आर्थिक सहारा बनी हुई है। इस राशि का उपयोग वह बच्चों और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं।
दूसरी बालिका के जन्म पर निरूपा वैष्णव को मिली 6 हजार रुपए की सहायता
रायगढ़ जिले की निरूपा वैष्णव को भी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से मिली। कार्यकर्ता की सहायता से उनका आवेदन कराया गया। दूसरे बच्चे के रूप में बालिका के जन्म पर उन्हें 6 हजार रुपए की सहायता राशि प्राप्त हुई।
निरूपा ने बताया कि इस राशि का उपयोग उन्होंने अपने स्वास्थ्य और आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया। उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत भी हर महीने 1 हजार रुपए की राशि मिल रही है। वह इस राशि का उपयोग घरेलू खर्च के साथ बच्चों की पढ़ाई और ट्यूशन जैसी जरूरतों में करती हैं।
दोनों महिलाओं ने योजनाओं से मिल रही आर्थिक सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देना योजना का उद्देश्य
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पहले जीवित बच्चे के जन्म पर 5 हजार रुपए तथा दूसरे बच्चे के रूप में बालिका के जन्म पर 6 हजार रुपए की सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है। पात्र हितग्राहियों को संस्थागत प्रसव की स्थिति में जननी सुरक्षा योजना का लाभ भी मिल सकता है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ ही लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महतारी वंदन योजना महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक सहयोग का माध्यम बन रही हैं।