सेवा संकल्प अभियान**अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता: केन्द्रीय राज्यमंत्री**आंगन मिलन सेवा से पोषण, मातृत्व और महिला सशक्तिकरण का संदेश**बच्चों का कराया अन्नप्राशन, महिलाओं की गोदभराई और हितग्राहियों को वितरित की सुपोषण टोकरी
30 सितंबर 2026
देवेंद्र कुमार
7024356958
*आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन का प्रमाण पत्र एवं श्रीफल भेंटकर किया सम्मान*
मुंगेली, 30 सितंबर
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुंगेली विकासखंड के ग्राम सोढ़ार एवं चारभाठा में आंगन मिलन सेवा, मातृ संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ एवं उनकी आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया, महिलाओं की गोदभराई की तथा महिलाओं को सुपोषण टोकरी का वितरण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन को उनके सेवा कार्यों के लिए प्रमाण पत्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
श्री तोखन साहू ने मुनगा (सहजन) के पौधे लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मुनगा पोषण की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी है। ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनका’ के तहत घर-आंगन में मुनगा लगाने से परिवार को पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ाने में सहायता मिल सकती है। उन्होंने महिलाओं एवं परिवारों से बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, राशन कार्ड सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। श्री साहू ने कहा कि शासन का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि बेटियों के सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त भविष्य के लिए परिवार और समाज दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों एवं शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक रहने तथा बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने कहा। कार्यक्रम में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर विशेष जागरूकता संदेश दिया गया। श्री साहू ने कहा कि बच्चों का समय पर टीकाकरण कराया जाना जरूरी है। बच्चों को कुपोषण से बचाने में परिवार के साथ समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, शिशुओं एवं बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में पोषण आहार का प्रदर्शन किया गया तथा बच्चों को न्यौता भोज कराया गया। वहीं रंगोली के माध्यम से भी पोषण और जागरूकता का संदेश दिया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने समाज को नशे से दूर रखने तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। युवाओं एवं बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने उपस्थित महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों को कुपोषण को दूर भगाने एवं सुपोषित रहने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण और जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी विभिन्न पहल की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया।
*हितग्राहियों ने साझा की अपनी सफलता की कहानी*
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरी कहानी’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी साझा की। महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती पुनीता साहू ने योजना से मिले लाभ के अनुभव साझा किए। वहीं प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना की हितग्राही श्रीमती मनीषा राजपूत एवं श्रीमती संजना ठाकुर ने भी योजना से प्राप्त सहायता एवं उसके उपयोग के बारे में जानकारी दी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, श्रीमती शीलू साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।