नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को कापू पुलिस ने किया गिरफ्तार, गांव पहुंचते ही दबोचा“अभियान संवेदना” के तहत त्वरित कार्रवाई, मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपी तक पहुंची पुलिस
02 सितंबर 2026
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़
रायगढ़, 2 सितंबर 2026। महिला एवं नाबालिग बच्चों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत कापू पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर से 27 अगस्त को प्राप्त अपराध डायरी के आधार पर कापू थाने में आरोपी दिनेश एक्का, पिता रमेश एक्का, उम्र 20 वर्ष, निवासी टिहलीसराई, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 144/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 64(2)(एम) बीएनएस तथा धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
अस्पताल में उपचार के दौरान सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के परिजन ने बताया कि 24 अगस्त को पीड़िता ने पेट में दर्द की शिकायत की थी। उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पत्थलगांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए उसे अंबिकापुर भेजा गया।
पूछताछ के दौरान पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से उसके मामा के घर आता-जाता था और इसी दौरान उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हुई।
अपराध दर्ज होने के बाद फरार था आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। कापू थाना प्रभारी निरीक्षक दाताराम तिर्की ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को आरोपी के अपने गांव आने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक दाताराम तिर्की, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी, देवलाल राठिया, लक्ष्मी कैवर्त एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।