सेवा संकल्प अभियान में ग्रामीणों ने किया श्रमदान, पर्यटन स्थलों की हुई सफाईतालाब घाट, पेयजल कुएं, यात्री प्रतीक्षालय और रॉक गार्डन में चला स्वच्छता अभियान
27 सितंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़
रायगढ़, 27 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कलेक्टर के निर्देश एवं सीईओ जिला पंचायत के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सार्वजनिक तथा पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
जनपद पंचायत तमनार की ग्राम पंचायत बरकसपाली में तालाब घाट की साफ-सफाई की गई। वहीं ग्राम पंचायत सरसमाल में पेयजल कुएं की सफाई तथा कोड़केल में यात्री प्रतीक्षालय परिसर में ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान किया।
इसी तरह विकासखंड खरसिया की ग्राम पंचायत बोतल्दा एवं बिलासपुर में भी स्वच्छता एवं श्रमदान गतिविधियां आयोजित की गईं। बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन में ग्रामीणों एवं स्थानीय सहभागियों ने श्रमदान करते हुए पर्यटन स्थल की साफ-सफाई की।
स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
जनभागीदारी से आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ पर्यटन स्थल, स्वच्छ गांव और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। अभियान में ग्रामीणों की सहभागिता ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।