पावरग्रिड के लिए कृषि भूमि सर्वेक्षण से सपिया में मचा हड़कंप, किसानों की चिंता लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे विधायक रामकुमार यादव
25 सितंबर 2026
साइंस वाणी न्यूज़ को प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 25 सितंबर 2026 को चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सपिया में पावरग्रिड कंपनी की स्थापना के लिए कृषि भूमि के सर्वेक्षण को लेकर ग्रामीणों के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को लेकर चंद्रपुर विधायक श्री रामकुमार यादव जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया।
बताया गया कि ग्राम सपिया में पावरग्रिड कंपनी की स्थापना के लिए कृषि भूमि का सर्वेक्षण कराया जा रहा है। संभावित भूमि अधिग्रहण को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि कृषि भूमि उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में यदि उनकी जमीन अधिग्रहित होती है, तो कई परिवारों के सामने खेती से जुड़ी आजीविका प्रभावित होने तथा भविष्य में भूमिहीन होने की चिंता उत्पन्न हो सकती है।
ग्रामीणों की इन्हीं चिंताओं को लेकर विधायक श्री रामकुमार यादव ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कृषि भूमि, किसानों की आजीविका और भूमि अधिग्रहण से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल और समाधान की मांग की गई।विधायक श्री रामकुमार यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से रखते हुए कहा कि किसानों और ग्रामीण परिवारों की आजीविका से जुड़े किसी भी विषय पर उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना आवश्यक है। ग्राम सपिया के ग्रामीणों की समस्या को उचित स्तर पर रखते हुए उनके हितों को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्रवाई और समाधान की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती से संवाददाता अशोक जायसवाल की रिपोर्ट