ऑपरेशन प्रहार में पूंजीपथरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17.9 टन अवैध कबाड़ जब्त दो माजदा वाहनों से लाखों का स्क्रैप बरामद, कुल ₹26.26 लाख की संपत्ति जब्त
04 अक्टूबर 2026
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़, 4 अक्टूबर। जिले में कबाड़ के अवैध परिवहन और अवैध खरीदी-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो माजदा वाहनों से परिवहन किए जा रहे 17 टन 900 किलो स्क्रैप को जब्त किया है। कार्रवाई में कबाड़ और दोनों वाहनों सहित कुल करीब ₹26.26 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा पुलिस द्वारा कबाड़ के अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में 2 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि माजदा वाहनों के माध्यम से अवैध रूप से कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी कर दो माजदा वाहनों को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG07CC0311 से विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड एवं वाहन पार्ट्स का करीब 9 टन 690 किलो स्क्रैप, जिसकी कीमत लगभग ₹3,39,150 आंकी गई, बरामद हुआ। वाहन चालक की पहचान लालमणी गणतिया के रूप में हुई।
वहीं दूसरे वाहन क्रमांक OD31G8488 से करीब 8 टन 210 किलो स्क्रैप, जिसकी कीमत लगभग ₹2,87,350 बताई गई, बरामद किया गया। इस वाहन को मो. अपरार चला रहा था।
पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों चालक स्क्रैप के संबंध में कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने कुल 17 टन 900 किलो कबाड़, जिसकी कीमत करीब ₹6,26,500, तथा परिवहन में प्रयुक्त दोनों माजदा वाहनों, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹20 लाख है, को जब्त कर लिया।
इस तरह कार्रवाई में कुल करीब ₹26,26,500 की संपत्ति जब्त की गई। दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 50/2026 एवं 51/2026, धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पकड़े गए अनावेदक
लालमणी गणतिया, पिता स्व. भास्कर गणतिया, निवासी सिदांडीमुडा, पोस्ट सरगळ, थाना एवं जिला बलांगिर, ओडिशा।
मो. अपरार, पिता मो. माजी, उम्र 32 वर्ष, निवासी कमरिया, पोस्ट एवं थाना मौदाहा, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि कबाड़ के अवैध परिवहन एवं अवैध खरीदी-बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।