यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला चालानी अभियान, 30 से अधिक बसों पर कार्रवाई
04 अक्टूबर 2026
बसंत प्रधान जिला संवाददाता कांकेर
कांकेर। जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कांकेर द्वारा विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी दीपक साव के नेतृत्व में यातायात टीम द्वारा अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बसों में प्रेशर हॉर्न का उपयोग, तेज गति एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 30 से अधिक बसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 61,800 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।
इसी प्रकार शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 8 वाहन चालकों के विरुद्ध न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया, जहां उन्हें 80,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।
इसके अलावा वाहनों में बहुरंगी लाइट एवं बिना नंबर प्लेट के मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले 20 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16,200 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।
यातायात पुलिस ने शहर के भीतर सड़क किनारे एवं फुटपाथ पर दुकान लगाकर आवागमन बाधित करने वाले करीब 23 दुकानदारों एवं मकान मालिकों को नोटिस जारी किए। उन्हें सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा आम नागरिकों के आवागमन में बाधा नहीं डालने की सख्त हिदायत दी गई।
सड़क पर पाई गई अन्य कमियों को लेकर संबंधित विभागों से पत्राचार कर आवश्यक सुधार कार्य कराने की कार्रवाई भी की जाएगी। यातायात पुलिस कांकेर ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।