-->
रायगढ़ शहर की जल निकासी व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, 20 दिनों में पूरा होगा तीन प्रमुख नालों का निर्माण

रायगढ़ शहर की जल निकासी व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, 20 दिनों में पूरा होगा तीन प्रमुख नालों का निर्माण

संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़ 

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने की पहल की है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के निर्देशन में शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तीन प्रमुख नाली निर्माण कार्यों को आगामी 20 दिनों के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले नगर निगम कार्यालय और अस्पताल के बीच से गुजरने वाली सड़क का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को इस मार्ग पर तत्काल 6 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण प्रारंभ कर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों और अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

इसके बाद कलेक्टर ने गद्दी चौक से नगर निगम कार्यालय होते हुए अग्रसेन चौक तक बाईं ओर प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।

इसी क्रम में कलेक्टर ने पुराने आरपीएफ पोस्ट से शनि मंदिर मोड़ तक निर्माणाधीन नाली का भी निरीक्षण किया। इस नाली के निर्माण से संबंधित मार्ग की चौड़ाई में लगभग 2 मीटर की वृद्धि होगी, जिससे सड़क पर आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगा। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित समय-सीमा में इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए।

शहर के 30 प्रतिशत हिस्से की बारिश का पानी होगा सुगमता से बाहर

कलेक्टर ने इन तीनों प्रमुख नाली निर्माण कार्यों को शहर की जल निकासी व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इन नालियों के माध्यम से शहर के लगभग 30 प्रतिशत हिस्से का वर्षा जल बाहर निकलता है। ऐसे में इनके निर्माण से बारिश के पानी की निकासी अधिक व्यवस्थित और सुगम होगी। इससे जलभराव की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी 20 दिनों के भीतर तीनों प्रमुख नाली निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद ड्रेन-टू-ड्रेन बीटी सड़क निर्माण का रास्ता भी साफ होगा, जिससे शहर की सड़क और जल निकासी व्यवस्था को एक साथ बेहतर बनाया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया, उप अभियंता सौरभ आलोक साहू, मुन्ना ओझा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article