-->
निर्वाचन साक्षरता क्लब की जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, चार विधानसभा क्षेत्रों के 40 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

निर्वाचन साक्षरता क्लब की जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, चार विधानसभा क्षेत्रों के 40 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़ 

रायगढ़, 19 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लब द्वारा आयोजित तीन स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का जिला स्तरीय अंतिम चरण बुधवार को किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रायगढ़ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा मतदाता जागरूकता के प्रति समझ विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में 2 नवंबर से 18 नवंबर तक विभिन्न चरणों में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत लैलूंगा, रायगढ़, खरसिया एवं धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य एवं जिला नोडल अधिकारी तथा सहायक प्राध्यापक श्रीमती रंजना साहू, सहायक नोडल अधिकारी के निर्देशन में दोपहर 12 बजे जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से चयनित कुल 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से निबंध प्रतियोगिता के 5 एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के 5 विद्यार्थियों को शामिल किया गया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार के महत्व एवं जागरूक मतदाता की भूमिका जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।

आयोजकों के अनुसार जिला स्तरीय प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा 20 नवंबर को की जाएगी। इसी दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ भविष्य में जिम्मेदार मतदाता बनने की भावना भी विकसित होती है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article