-->
मछली पालन से तारकेश्वर पटेल सालाना कमा रहे 3 लाख रुपये, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मिला संबल

मछली पालन से तारकेश्वर पटेल सालाना कमा रहे 3 लाख रुपये, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मिला संबल

संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़ 

अन्य किसानों और युवाओं को भी मछली पालन अपनाने की दे रहे सलाह

रायगढ़, 19 नवम्बर 2026। शासन की योजनाओं का लाभ लेकर जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम तारापुर निवासी तारकेश्वर कुमार पटेल ने मछली पालन को अपनी आजीविका का बेहतर और लाभकारी माध्यम बना लिया है। आज मछली पालन के जरिए वे न केवल आत्मनिर्भर बन रहे हैं, बल्कि दूसरे किसानों और युवाओं के लिए भी स्वरोजगार की प्रेरणा बनकर उभर रहे हैं। मछली पालन से उन्हें सालाना लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये तथा बेहतर उत्पादन होने पर 3 लाख रुपये तक शुद्ध मुनाफा प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मिली अनुदान सहायता ने उनके इस व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग प्रदान किया है।
तारकेश्वर कुमार पटेल ने बताया कि पहले वे अन्य व्यवसाय से जुड़े हुए थे, लेकिन उसमें अपेक्षाकृत कम मुनाफा होने के कारण उन्होंने स्वरोजगार के नए विकल्पों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मत्स्य विभाग के माध्यम से उन्हें मछली पालन व्यवसाय की जानकारी मिली। इस व्यवसाय की संभावनाओं को समझते हुए उन्होंने मछली पालन शुरू करने का निर्णय लिया। शुरुआती दौर में तकनीकी जानकारी की कमी के कारण उन्हें कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा और पहली फसल के उत्पादन में भी विलंब हुआ। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और अनुभव से सीख लेते हुए अपनी कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार किया। बेहतर प्रबंधन और लगातार मेहनत के परिणामस्वरूप अब तक वे मछली की दो फसलों का सफल उत्पादन कर चुके हैं।

सालाना 2 से 3 लाख रुपये तक शुद्ध कमाई

तारकेश्वर पटेल के अनुसार मछली पालन में मछली बीज, दाना और अन्य जरूरी खर्चों को निकालने के बाद उन्हें सालाना लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। वहीं, उत्पादन बेहतर रहने पर यह मुनाफा बढ़कर 3 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। उन्होंने बताया कि सर्दियों के मौसम में मछली पालन के दौरान कुछ चुनौतियां जरूर आती हैं, लेकिन उचित देखभाल, तकनीकी जानकारी और सही प्रबंधन से इन समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।

उनका कहना है कि मछली पालन ऐसा व्यवसाय है, जिसे मेहनत, लगन और सही तरीके से संचालित किया जाए तो ग्रामीण क्षेत्र में अच्छी आमदनी का साधन बनाया जा सकता है। इससे किसानों को खेती के साथ अतिरिक्त आय का अवसर मिलता है, वहीं बेरोजगार युवाओं के लिए भी स्वरोजगार के नए रास्ते खुलते हैं। उन्होंने क्षेत्र के अन्य किसानों और युवाओं से मछली पालन को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की है।

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मिला आर्थिक सहयोग

तारकेश्वर पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से उन्हें अनुदान सहायता मिली, जिससे मछली पालन व्यवसाय को आगे बढ़ाने में आर्थिक संबल प्राप्त हुआ। शासन की इस योजना ने उनके लिए स्वरोजगार के अवसर को मजबूत बनाने में सहयोग किया है। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

मछली उत्पादन बढ़ाने और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योजना

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य देश में मछली उत्पादन को बढ़ावा देना, आधुनिक तकनीकों के माध्यम से मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करना तथा मछली पालकों की आय में वृद्धि करना है। योजना के तहत निर्धारित पात्रता एवं प्रावधानों के अनुसार हितग्राहियों को तालाब निर्माण, मछली पालन तथा आवश्यक संसाधनों के लिए अनुदान सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और किसान पारंपरिक खेती के साथ मछली पालन जैसे व्यवसायों को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं। ग्राम तारापुर के तारकेश्वर कुमार पटेल की सफलता इस बात का उदाहरण है कि सही जानकारी, मेहनत, तकनीकी मार्गदर्शन और शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण क्षेत्र में भी अच्छा स्वरोजगार स्थापित किया जा सकता है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article