-->
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरूतुंहर टोकन ऐप के माध्यम से किसानों ने कटवाया टोकन, उत्साह के साथ खरीदी केन्द्रों में पहुंचकर बेच रहे हैं धान

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरूतुंहर टोकन ऐप के माध्यम से किसानों ने कटवाया टोकन, उत्साह के साथ खरीदी केन्द्रों में पहुंचकर बेच रहे हैं धान

बसंत प्रधान जिला संवाददाता कांकेर

उत्तर बस्तर कांकेर, 15 नवंबर 2026/ जिले में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य प्रारंभ हो गया है। खरीदी के पहले दिन जिले के सभी धान खरीदी केन्द्रों में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम पटेल एवं गायता की उपस्थिति में परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा-बांट, बायोमेट्रिक डिवाइस एवं नमी मापक यंत्रों की पूजा की गई। इसके पश्चात किसानों की उपस्थिति में धान खरीदी की शुरुआत हुई।
धान खरीदी के पहले दिन जिले के 94 धान खरीदी केन्द्रों में 224 किसानों ने 9 हजार 160 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया है। किसान उत्साहपूर्वक अपने परिवारजनों के साथ खरीदी केन्द्रों में पहुंचकर समर्थन मूल्य पर धान का विक्रय कर रहे हैं। कांकेर विकासखण्ड के अलनियापारा कोदाभाट धान खरीदी केन्द्र में अलबेलापारा, कांकेर निवासी किसान श्री आनंद राम साहू अपने परिवार के साथ धान बेचने पहुंचे। उन्होंने बताया कि तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से उन्होंने धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया है। उनके पास लगभग 7 एकड़ कृषि भूमि है और वे आज 60 क्विंटल धान विक्रय करने खरीदी केन्द्र पहुंचे हैं। धान की खेती के साथ-साथ वे अपने खेत में चना एवं धनिया की खेती भी करते हैं। उन्होंने बताया कि धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति तथा खेती-किसानी के कार्यों में करेंगे।
श्री आनंद राम साहू के पुत्र धर्मेंद्र साहू ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस व्यवस्था से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। अलनियापारा कोदाभाट धान खरीदी केन्द्र में धान खरीदी प्रारंभ होने के अवसर पर तहसीलदार रूपेश मरकाम, वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक महेश मरकाम, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के नोडल अधिकारी डी.एल. देवांगन, समिति प्रबंधक नरेन्द्र कुमार साहू, धान खरीदी केन्द्र प्रभारी योगेन्द्र पटेल, ग्राम पटेल भागीरथी नाग, गायता रामदयाल भास्कर एवं श्रीराम सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article