भाजपा पदाधिकारियों व ग्रामीणों की मौजूदगी में हुआ आयोजन, बाबा साहब के जीवन संघर्ष और योगदान को किया याद
भटगांव मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत सलका अघिना में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्ष और देश के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उनके द्वारा निर्मित भारतीय संविधान आज देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है।
इस दौरान उपस्थित जनों को बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, समानता और भाईचारे का संदेश ही डॉ. अंबेडकर की सबसे बड़ी देन है, जिसे समाज में आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के उपसरपंच दीपेंद्र गुप्ता, जगरेलाल यादव, जिला महामंत्री कृष्ण गुप्ता, सुखसागर गुप्ता, बलवंत गुप्ता, राजेश गुप्ता, मंडल मीडिया प्रभारी भटगांव अभय प्रताप सिंह, जनपद सदस्य प्रतिनिधि नंदलाल सहित हीराचंद, जवाहर, राजाराम, मोहन, अंगद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ किया गया।
टिप्पणियाँ