ब्लॉक रिपोर्टर– खिरसागर पटेल
साइंस वाणी न्यूज़ लैलूंगा
लैलूंगा/रायगढ़।
भगवान श्रीराम के प्रति गहरी आस्था और भक्ति का परिचय देते हुए क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु राम जन्मभूमि में विराजमान राम लला के दर्शन के लिए रवाना हुए। इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लैलूंगा क्षेत्र से कुल 9 श्रद्धालु इस पावन यात्रा के लिए निकले हैं, वहीं नगर पंचायत क्षेत्र से 2 श्रद्धालु शामिल हुए हैं। इसके अलावा पूरे जिले से कुल 112 श्रद्धालुओं का जत्था राम लला के दर्शन के लिए अयोध्या की ओर प्रस्थान कर चुका है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं का परिजनों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत एवं विदाई दी गई। कई स्थानों पर भक्तों के लिए जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि यह यात्रा उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण और यादगार क्षण है। राम लला के दर्शन करने की लंबे समय से इच्छा थी, जो अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम में दर्शन करने के साथ ही वे देश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए भी प्रार्थना करेंगे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने भी इस धार्मिक यात्रा को सराहनीय बताते हुए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं समाज में आध्यात्मिक चेतना और एकता को मजबूत करती हैं।
यह धार्मिक यात्रा क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बनकर उभरी है, जिसमें हर वर्ग और आयु के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
टिप्पणियाँ