संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़
रायगढ़, 15 अप्रैल 2026।
जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ में प्रशासन, पुलिस एवं जीएसटी विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के उद्योग प्रमुखों एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने की। इस दौरान उद्योगों को अवैध स्क्रैप कारोबार से दूर रहने एवं कानूनी दायित्वों के पालन के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अवैध स्क्रैप व्यापार के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार कबाड़ के अवैध कारोबारी उद्योगों को अपने जाल में फंसाकर चोरी, टैक्स चोरी एवं जीएसटी धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों को अंजाम देते हैं, जिससे उद्योगों को कानूनी जोखिम का सामना करना पड़ता है। साथ ही “क्या करें और क्या न करें” के माध्यम से उद्योगों की जिम्मेदारियों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि अवैध कबाड़ परिवहनकर्ता पुलिस से बचने के लिए खतरनाक तरीके अपनाते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है और कानून-व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
जीएसटी विभाग की ओर से डिप्टी कमिश्नर मनीष मिश्रा ने टैक्स चोरी एवं फर्जी बिलिंग से जुड़े प्रावधानों और दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी दी। वहीं एसडीएम महेश शर्मा ने प्रशासनिक स्तर पर सख्ती और उद्योगों की जवाबदेही पर प्रकाश डाला।
बैठक के दौरान उद्योग प्रमुखों से सुझाव भी लिए गए और उन्हें अवैध गतिविधियों से दूर रहने के लिए सतर्क किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य उद्योगों को जागरूक करना है, ताकि वे अनजाने में भी किसी अवैध कबाड़ कारोबार का हिस्सा न बनें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर अवैध गतिविधियों में संलिप्तता पाई गई, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर तहसीलदार शिव कुमार डनसेना, थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव सहित जिले के उद्योग प्रमुख एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश—
“अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी एवं कर अपवंचन जैसी गतिविधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उद्योग जगत से अपेक्षा है कि वे कानून का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”
टिप्पणियाँ