ग्रामीण सड़कों पर दौड़ रहे हाइवा ट्रकों से बढ़ा खतरा: भारी वाहनों पर रोक की मांग को लेकर मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने भैयाथान एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
ग्रामीण सड़कों पर दौड़ रहे हाइवा ट्रकों से बढ़ा खतरा: भारी वाहनों पर रोक की मांग को लेकर मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने भैयाथान एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाद दाता रामकुमार प्रजापति
//बरौल//....धरमपुर, बुंदिया, डुमरिया एवं दुगा–भटगांव थाना मार्ग पर पिछले एक सप्ताह से गिट्टी से लदे हाइवा ट्रकों की तेज रफ्तार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सुबह करीब पांच बजे से लेकर रात लगभग ग्यारह बजे तक प्रतिदिन 25 से 30 भारी वाहन इस मार्ग से गुजर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई चालक शराब के नशे में वाहन चला रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
इस गंभीर समस्या को लेकर मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता के नेतृत्व में सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने भैयाथान एसडीएम श्रीमती चांदनी कंवर को ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की।
मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने बताया कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से ग्राम पंचायतों की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग पर लगभग सात से आठ स्कूल व कॉलेज स्थित हैं, ऐसे में किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
सरपंचों ने भी प्रशासन को अवगत कराया कि इस संबंध में पहले ही भटगांव तहसीलदार व थाना प्रभारी को मौखिक सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों का शांत वातावरण बिगड़ रहा है और लोग भय के साए में रहने को मजबूर हैं।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि धरमपुर, बुंदिया, डुमरिया एवं दुगा ग्राम पंचायत क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर तुरंत रोक लगाई जाए तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि दो दिवस के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो सभी ग्राम पंचायतों के संयुक्त ग्रामीण बनारस मुख्य मार्ग पर चक्का जाम व धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सरपंच वरुण मरावी (डुमरिया), सरपंच सजन सिंह (दुगा), सरपंच संतोष (धरमपुर) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। साथ ही भारतीय जनता पार्टी से जुड़े पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से मोहित राजवाड़े, जिला मंत्री जगरेलाल यादव, जिला पदाधिकारी अनुप जायसवाल, सुखलाल राजवाड़े, भगवानदास पैकरा, जितराम चेरवा, हिलाल यादव, श्यामलाल मानिकपुरी, सरवन मानिकपुरी एवं लखन मानिकपुरी ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द संज्ञान लेकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाएगा, ताकि गांवों की सड़कें सुरक्षित रह सकें और किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते टाला जा सके।
टिप्पणियाँ