ग्राम पंचायत बरौल में महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, शिवालयों में गूंजा “हर-हर महादेव”
ग्राम पंचायत बरौल में महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, शिवालयों में गूंजा “हर-हर महादेव”
संवाद दाता रामकुमार प्रजापति
ग्राम पंचायत बरौल में महाशिवरात्रि पर्व पूरे श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। तड़के सुबह से ही शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, बेलपत्र, दूध, दही, शहद एवं फल-फूल से अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
महाशिवरात्रि के अवसर पर गांव के सभी शिव मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दिनभर पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा, वहीं शाम होते ही मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने व्रत रखकर विधिवत पूजा की। कई श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचे। बच्चों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय युवाओं द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पानी एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि महाशिवरात्रि का पर्व आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करता है। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ