बरौल। केवटाली गांव के वार्ड नंबर 8 में इन दिनों गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। यहां करीब 15 घरों के लोग आज भी शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को मजबूरी में ढोडी (गड्ढे/तालाब) का पानी पीना पड़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों की शिकायत पर जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्या सुनी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। महिलाओं ने सिर पर पानी के बर्तन रखकर अपनी परेशानी जाहिर की और बताया कि लंबे समय से इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड में न तो पर्याप्त हैंडपंप है और न ही नल-जल योजना की सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में उन्हें दूर-दराज के स्रोतों या धोधी से पानी लाना पड़ता है। गर्मी बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर होती जा रही है।
जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को संबंधित विभाग और अधिकारियों के सामने उठाकर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
समस्या एक नजर में
वार्ड नंबर 8 के करीब 15 घर प्रभावित
शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं
धोधी/तालाब के पानी पर निर्भर ग्रामीण
महिलाओं को दूर से पानी लाने की मजबूरी
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
स्वच्छ पेयजल की तत्काल व्यवस्था
हैंडपंप या नल-जल योजना शुरू की जाए
अधिकारियों द्वारा मौके पर निरीक्षण कर कार्रवाई
टिप्पणियाँ