संवाद दाता रामकुमार प्रजापति
(बरौल)। भटगांव से अनरोखा तक निर्माणाधीन सड़क पर काम लंबे समय से ठप पड़ा है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं होने से उड़ती धूल ने हालात बदतर कर दिए हैं। शिवारी पारा, अनरोखा और पककनी के निवासियों का कहना है कि धूल के कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है और ठेकेदार द्वारा नियमित पानी नहीं डाला जा रहा है। दिनभर वाहनों की आवाजाही से सड़क पर धूल के गुबार उठते हैं, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई लोगों को खांसी, एलर्जी और सांस संबंधी समस्याएं होने लगी हैं।
इस संबंध में ग्रामवासियों ने अनुविभागीय दण्डाधिकारी, भैयाथान को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि संबंधित ठेकेदार को तत्काल सड़क पर पानी छिड़काव करने के निर्देश दिए जाएं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे चक्का जाम और धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि सड़क पर प्रतिदिन कम से कम चार बार पानी डाला जाए, ताकि धूल से राहत मिल सके और आमजन को हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
टिप्पणियाँ