बरौल
विकासखंड भैयाथान में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा ने जनपद सभा कक्ष में संकुल प्राचार्यों व समन्वयकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अपार आईडी, आधार आधारित बायोमैट्रिक्स अपडेट और स्कूल ग्रांट के उपयोग की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अपार आईडी में कम प्रगति वाले 13 संकुलों—दर्रिपारा, भटगांव-1, अधीना सलका, कसकेला, बतसरा-1, बंजा-03, भैयाथान, सोनपुर-1, समौली, शिवप्रसादनगर, बैजनाथपुर-1, लक्ष्मीपुर, केवरा व बंजा-1—पर नाराजगी जताई गई। संबंधित सीआरसी व सीएसी को एक सप्ताह के भीतर प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए गए, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
संयुक्त कलेक्टर ने सभी संस्था प्रमुखों को आधार बायोमैट्रिक्स अपडेट का तत्काल सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल ग्रांट राशि का उपयोग छात्र हित में पारदर्शिता के साथ करने और संकुल स्तर पर इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
परीक्षाएं समाप्त होने के बाद कमजोर छात्रों के लिए रेमेडियल टीचिंग शुरू करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के बाद संयुक्त कलेक्टर ने पीएम श्री विद्यालय बतरा का निरीक्षण कर 24 बिंदुओं पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा) मनोज कुमार साहू, बीईओ फुलसाय मरावी, एबीईओ घनश्याम सिंह, बीआरसी सुरेंद्र दुबे सहित सभी संकुल प्राचार्य व समन्वयक मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ