सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

नशे पर वार, दुर्घटनाओं पर प्रहार : कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में**कलेक्टर–एसएसपी की संयुक्त समीक्षा बैठक, 16 बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा एवं सख्त निर्देश जारी



*नशा मुक्ति, ब्लैक स्पॉट सुधार, हिट एंड रन, अजा/अजजा प्रकरणों पर सख्त निर्देश:-


साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़ प्राप्त जानकारी के अनुसार:- रायगढ़, 25 फरवरी 2026। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज कलेक्टोरेट सभा कक्ष में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मयंक चतुर्वेदी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रातः 11 बजे प्रारंभ हुई बैठक में कानून व्यवस्था से जुड़े 16 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान नशा मुक्ति अभियान की प्रगति पर विशेष फोकस किया गया। कलेक्टर ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान राज्य शासन की प्राथमिकता में शामिल है, इसलिए इसे गंभीरता से लेते हुए बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। विशेषकर नाबालिगों, जो नशीली दवाइयों की चपेट में आ चुके हैं, उनकी नियमित काउंसिलिंग कर उन्हें पुनर्वास कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि नशा छोड़ चुके और समाज में सकारात्मक जीवन जी रहे व्यक्तियों को रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाए, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे और जनभागीदारी बढ़े। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को मेडिकल स्टोर्स में प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री पर कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिले में चिन्हांकित 16 ब्लैक स्पॉट की बिंदुवार समीक्षा की गई। छातामुड़ा चौक, पटेलपाली, कोडातराई, उर्दना तिराहा, जोरापाली, कांशीचुंआ, मुरा चौक, नावापारा चौक, कुनकुरी, सिंसरिंगा घाट, कंचनपुर, दर्रीपारा, फगुरम, देवगढ़, तेतला एवं चोढ़ा को दुर्घटना संभावित स्थल के रूप में चिन्हांकित किया गया है। इन स्थानों पर हाई मास्ट लाइट, सांकेतिक बोर्ड, रेडियम संकेतक, स्पीड रडार गन, मार्गदर्शक बोर्ड एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय आगामी बैठक तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में हिट एंड रन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में शीघ्र प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। जानकारी दी गई कि तहसील स्तर पर 38 प्रकरण लंबित हैं, 11 प्रकरण प्रक्रियाधीन हैं, राशि भुगतान से संबंधित 42 प्रकरण लंबित हैं तथा 2 प्रकरणों में भुगतान किया जा चुका है। अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
अजा/अजजा (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दाण्डिक प्रकरणों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना एवं समयबद्ध कार्रवाई पर विशेष बल दिया गया।
आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही धरना, प्रदर्शन, रैली एवं सभा केे आयोजन पूर्व वैधानिक अनुमति की अनिवार्यता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं के दौरान न्यायालयीन आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिला जेल से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, कौशल विकास प्रशिक्षण, योग एवं सुधारात्मक गतिविधियों के संचालन पर बल दिया गया। बंदियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
इसके अतिरिक्त औद्योगिक सुरक्षा की मॉनीटरिंग, अवैध उत्खनन पर संयुक्त कार्रवाई, आबकारी अधिनियम के प्रकरणों की समीक्षा, नशीली दवाइयों एवं अवैध शराब पर रोकथाम, पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत वाहन जप्ती, चिटफंड मामलों में प्रगति, पीएम रिपोर्ट एवं हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट के क्रियान्वयन तथा अभियोजन स्वीकृति के लंबित प्रकरणों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के अंत में कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखें।
बैठक में बैठक में अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, रवि राही, डॉ प्रियंका वर्मा,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी,नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा,सहित सभी एसडीएम, संबंधित विभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

हेमंत कुमार टंडन 
जिला ब्यूरो चीफ रायगढ़ छत्तीसगढ़

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मौहापाली में युवक की हत्या का खुलासा, खरसिया पुलिस ने आरोपी को रायगढ़ से दबोचा

रायगढ़, 21 फरवरी । एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर खरसिया पुलिस ने मौहापाली (खरसिया) में युवक शिव प्रसाद पटेल की मारपीट कर आग से जलाकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए कल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अब भी फरार है जिसकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है।   जानकारी के अनुसार 16 फरवरी को चपले निवासी शिव प्रसाद पटेल (36 वर्ष) अपने मामा के घर मौहापाली गया हुआ था, जहां रात में वह मामा के घर से निकला और कुछ देर बाद गांव की गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर मारपीट और जलने के गंभीर निशान थे। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा उसे तत्काल नजदीकी खरसिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी 17 फरवरी को मौत हो गई। घटना की सूचना पर थाना चक्रधरनगर में जीरो में मर्ग कायम कर मामले की डायरी चौकी खरसिया (थाना खरसिया) भेजी गई।  घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  शशि मोहन सिंह के संज...

खरसिया में लकड़ी तस्करों पर बड़ा प्रहार: उड़नदस्ता और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 2 ट्रक व 1 माजदा जब्त

   खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भालू नारा चौक के पास उड़नदस्ता और वन परिक्षेत्र खरसिया की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। सूत्रों के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही उड़नदस्ता और वन विभाग की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। रात लगभग 9 बजे की गई इस कार्रवाई में दो ट्रक और एक माजदा वाहन को पकड़ा गया, जिनमें भारी मात्रा में अवैध लकड़ी लदी हुई थी। जप्त किए गए वाहनों और लकड़ी को वन परिक्षेत्र खरसिया डिपो लाया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रायगढ़ जिले में लगातार हो रही अवैध तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही इस सख्त कार्रवाई से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और अवैध कारोबार करने वालों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध कट...

एसईसीएल आमगांव परियोजना: पटना गांव के युवाओं को मिली नौकरी, 04 को नियुक्ति पत्र व 05 को चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रदान

एसईसीएल आमगांव परियोजना: पटना गांव के युवाओं को मिली नौकरी, 04 को नियुक्ति पत्र व 05 को चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रदान //बरौल// साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की आमगांव परियोजना के अंतर्गत आज ग्राम पटना के युवाओं के लिए खुशखबरी आई, जब स्थानीय ग्रामवासियों को रोजगार से जोड़ते हुए नियुक्ति पत्र एवं चिकित्सा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।    यह उपलब्धि सूरजपुर कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की सक्रिय पहल और प्रयासों का परिणाम है। जिला प्रशासन द्वारा एसईसीएल प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजना प्रभावित ग्रामीणों के लिए रोजगार सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा था, जिसका सुखद परिणाम आज देखने को मिला। इस अवसर पर ग्राम पटना के रामनारायण सिंह, ईश्वर प्रसाद सिंह, जागेश्वर प्रसाद एवं संदीप कुमार को एसईसीएल क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री संजय ंिसह (एसईसीएल क्षेत्र विश्रामपुर) की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इन युवाओं के लिए यह नियुक्ति न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन में एक नई शुरुआत है, बल्कि उनके परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। इस...