पीएमश्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय में ‘स्वस्थ आहार–स्वस्थ जीवन’ कार्यक्रम आयोजित
संवाद दाता रामकुमार प्रजापति
/बरौल/। मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी बीमारियों से बचाव तथा विद्यार्थियों को संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पीएमश्री सेजेस अंतर्गत ग्राम बतरा स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में ‘स्वस्थ आहार–स्वस्थ जीवन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा के निर्देशानुसार, जिला मिशन समन्वयक मनोज साहू एवं सहायक संचालक रवींद्र सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। संकुल प्राचार्या के. मिनी प्रसन्ना की अध्यक्षता तथा विद्यालय प्राचार्य गोवर्धन सिंह के नेतृत्व में आयोजन हुआ।
मुख्य वक्ता जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचनी पैंकरा ने कहा कि “स्वस्थ आहार–स्वस्थ जीवन” का तात्पर्य पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित भोजन अपनाने से है, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करने के साथ बीमारियों से रक्षा करता है। उन्होंने ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, प्रोटीनयुक्त आहार और पर्याप्त पानी के नियमित सेवन पर जोर दिया। साथ ही नियमित व्यायाम, तनावमुक्त दिनचर्या और 7–8 घंटे की नींद को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया।
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) अध्यक्ष हीरालाल राजवाड़े ने विद्यार्थियों को भोजन का समय निर्धारित करने, नाश्ता न छोड़ने तथा चीनी, नमक, तले एवं प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के सीमित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भोजन धीरे-धीरे और अच्छी तरह चबाकर करना तथा भूख से थोड़ा कम खाना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों के पैकेट पर अंकित पोषण स्तर (न्यूट्रिशन लेबल) पढ़ने की जानकारी दी, जिससे वे चीनी व वसा की मात्रा को समझ सकें। प्रयोगशाला में दूध व मसालों में मिलावट पहचानने के सरल तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया।
विद्यालय परिसर में प्राचार्य के मार्गदर्शन में ‘पोषण कॉर्नर’ स्थापित किया गया है, जहां मोटे अनाज (मिलेट्स), संतुलित आहार और प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई है। विद्यार्थी यहां समूह चर्चा के माध्यम से पोषण संबंधी ज्ञान अर्जित करेंगे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘स्वस्थ आहार–स्वस्थ जीवन’ विषय पर पोस्टर बनाए तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में जनपद अध्यक्ष सुलोचनी पैंकरा, एसएमडीसी अध्यक्ष हीरालाल राजवाड़े, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कलावती प्रजापति व रजनी राजवाड़े, प्राचार्य गोवर्धन सिंह, प्रधान पाठिका अंजना जायसवाल, विज्ञान शिक्षिका आमरीन, रागिनी कुमारी, एकता सिंह, नीलम कुशवाहा सहित समस्त विद्यालयीन स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
टिप्पणियाँ