दिनांक 22/03/2026
भगत सिंह और उनके साथियों सुखदेव और राजगुरूके शहादत दिवस पर 23 मार्च को जन संस्कृति मंच छत्तीसगढ़ द्वारा ग्राम बंगोली जिला रायपुर में **भगत सिंह-अंबेडकर पुस्तकालय** की शुरुआत होने जा रही है.
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले जब जन संंस्कृृति मंच ने अपना 40 वां स्थापना दिवस समारोह ग्राम बंगोली में ही मनाया था तब इस गांव में किसानों-मजदूरों और ग्रामीण नौजवानों के लिए एक पुस्तकालय खोलने का संकल्प लिया गया था.अब यह पुस्तकालय मूर्तरूप लेने जा रहा है. महान क्रांतिकारी भगत सिंह और संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर के नाम से पुस्तकालय खोलने की अवधारणा यह है कि भगत सिंह पुस्तकों से गहरा लगाव रखते थे और बेहद अध्ययनशील थे.अपनी शहादत से कुछ समय पहले तक भी वे लेनिन की जीवनी पढ़ रहे थे. जब जेल अधिकारियों ने उनसे कहा कि चलिए आपकी फांसी का वक्त हो गया है तो उन्होंने जवाब दिया- थोड़ा रुकिए... किताब खत्म कर लूं. अभी एक क्रांतिकारी दूसरे क्रांतिकारी से मिल रहा है,ठीक इसी तरह सामाजिक न्याय के पक्षधर संविधान निर्माता डाक्टर भीमराव अंबेडकर भी मानते थे कि शिक्षा शेरनी का वह दूध है...जो भी पियेगा वह दहाड़ लगाएगा.
इस अवसर पर ग्राम बंगोली में एक जन-गोष्ठी का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है.इस आयोजन में ग्रामीण जनों के अलावा सुप्रसिद्ध आलोचक सियाराम शर्मा, कॉमरेड नरोत्तम शर्मा, कॉमरेड बृजेन्द्र तिवारी का वक्तव्य होगा.कार्यक्रम का संचालन संस्कृतिकर्मी राजकुमार सोनी करेंगे.
इस मौके पर जसम ने सभी प्रगतिशील और जनवादी विचारकों, लेखकों, कवियों और संस्कृतिकर्मियों से कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की है. जसम ने पुस्तकालय के लिए वैज्ञानिक विचारों और चेतना से लैस लेखकों से पुस्तकें भेंट करने का भी आग्रह किया है. जो भी लेखक स्वयं की अथवा दूसरे लेखकों की पुस्तकें या पत्रिकाएं भेंट करना चाहते हैं तो वे भिलाई में आलोचक सियाराम शर्मा ( मोबाइल नंबर- +91 83190 23110 ) रायपुर में राजकुमार सोनी ( 9826895207 ) बिलासपुर में मुदित मिश्रा ( 91 98063 09043 ) ग्राम बंगोली में नरोत्तम शर्मा ( 91 99772 64080 ) से संपर्क कर सकते हैं.
छत्तीसगढ सहित खासकर धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश गांव के किशोर वय और युवा वर्ग को शासक वर्ग द्वारा साजिश के तहत पढने से दूर कर नशा के चपेट में फंसाया जा रहा है ऐसे समय में पुस्तकालय की शुरुआत निश्चित रूप से नई पीढ़ी के युवा वर्ग जो देश व समाज के नवनिर्माण में उर्जावान शक्तिकेन्द्र होता है इसे बर्बाद होने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। खरोरा तहसील के तमाम गांव के युवकों से अपील है इस पुस्तकालय के सदस्य बनें और आने वाली पीढ़ी को क्रांतिकारी नेतृत्व प्रदान करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
- नरोत्तम शर्मा
- सदस्य, जन संस्कृति मंच रायपुर, मो.नंबर 9977264080
टिप्पणियाँ