कार में गुप्त चेंबर बनाकर की जा रही थी तस्करी, 17.65 लाख की संपत्ति जब्त
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
रायगढ़ | साइंस वाणी न्यूज़ लैलूंगा
रायगढ़, 2 मार्च 2026।
जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना लैलूंगा एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 29 किलो गांजा, एक कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल 17 लाख 65 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर तरीके से तस्करी को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने पुष्पा: द राइज फिल्म की तर्ज पर कार के दरवाजों और बैक लाइट में विशेष गुप्त चेंबर तैयार कर गांजा छिपाया था, ताकि जांच के दौरान पुलिस को भनक न लगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों पर पूर्ण नियंत्रण के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि पत्थलगांव क्षेत्र से जुड़े कुछ लोग उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ के रास्ते अन्य राज्यों में सप्लाई करते हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दिनांक 1 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चॉकलेट रंग की मारुति सुजुकी रिट्ज कार (CG-13-UG-9683) से दो व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर लैलूंगा क्षेत्र के पाकरगांव की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पाकरगांव अटल चौक के पास घेराबंदी की। शाम करीब 6 बजे संदिग्ध वाहन नजर आते ही उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी वाहन को कच्चे रास्ते की ओर मोड़कर भागने लगे। पुलिस की तत्परता से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया।
वाहन में सवार आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार निषाद (34 वर्ष) एवं महेन्द्र प्रसाद चौहान (40 वर्ष) बताया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने तस्करी से इंकार किया, लेकिन सटीक सूचना के आधार पर वाहन की गहन जांच की गई। जांच में कार के दरवाजों और बैक लाइट में बनाए गए गुप्त चेंबर से कुल 29.115 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
जब्ती में आरोपी श्रवण कुमार निषाद के पास से 19.033 किलोग्राम गांजा तथा महेन्द्र प्रसाद चौहान के पास से 10.082 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त कार एवं दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र निवासी रामकुमार कुजूर ने उन्हें उड़ीसा से गांजा लाने के एवज में प्रति 10 किलो पर 10,000 रुपये देने का लालच दिया था। दोनों आरोपी गांजा लेकर उसे सौंपने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
इस मामले में थाना लैलूंगा में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना लैलूंगा एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने इसे मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रही मुहिम में बड़ी सफलता बताया है।
एसएसपी का सख्त संदेश:
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों, सप्लायर और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

टिप्पणियाँ