संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़
📍 जशपुर, 21 मार्च 2026
जशपुर पुलिस द्वारा “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चौकी कोतबा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गौवंश मांस की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 किलो गौवंश मांस एवं घटना में प्रयुक्त एक अल्टो कार भी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 9:10 बजे चौकी कोतबा पुलिस मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति उड़ीसा राज्य के ग्राम बनडेगा से अल्टो कार (क्रमांक OR-14-G-3271) में गौवंश का मांस लेकर कोतबा होते हुए लैलूंगा (जिला रायगढ़) की ओर बिक्री के लिए जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर तत्काल नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध अल्टो कार आते दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पास एक बैग में 25 पैकेट तथा पीछे सीट पर रखे बैग में 35 पैकेट, इस प्रकार कुल 60 पैकेट में लगभग 60 किलो संदिग्ध मांस बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) बताया और मांस को उड़ीसा से लाना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मांस का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया, जिसमें उक्त मांस के गौवंश का होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध चौकी कोतबा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
🚗 जप्त सामग्री:
60 किलो गौवंश मांस
अल्टो कार क्रमांक OR-14-G-3271
👤 गिरफ्तार आरोपी:
जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी सुंदरगढ़ (उड़ीसा)
👮 पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव सहित प्रधान आरक्षक अजय खेस, संजय लकड़ा, आरक्षक अभय चौबे, बूटा सिंह, नवनीत मिश्रा, रघुराज रजक, सुशील तिर्की एवं निर्मल नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 जशपुर पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और क्षेत्र में सघन निगरानी रखी जा रही है।
टिप्पणियाँ