संवाददाता- संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़
रायगढ़, 21 मार्च 2026
रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 19-20 मार्च की रात तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर झारखंड निवासी मार्शल संगा द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) तथा थाना पूंजीपथरा और लैलूंगा की संयुक्त पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस टीम ने ग्राम आमाघाट में दबिश देकर खेत में रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्ति पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी (झारखंड) बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों इमानवेल भेंगरा एवं सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा था तथा उसके पास इस संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं था।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस को दो खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल मिली। मौके पर आबकारी विभाग, एफएसएल, कृषि एवं राजस्व विभाग की टीम को बुलाकर जांच कराई गई, जहां एफएसएल टीम द्वारा परीक्षण में फसल को अफीम होना पुष्टि किया गया।
🔎 जप्ती का विवरण:
अफीम पौधे – 60,326 नग
कुल वजन – 2,877 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹1 करोड़ 90 लाख)
तैयार अफीम – 3.02 किलोग्राम (कीमत ₹15 लाख 10 हजार)
👉 कुल जप्त माल की कीमत – ₹2 करोड़ 5 लाख 10 हजार
आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर उसके आमाघाट स्थित निवास (ससुराल) की तलाशी ली गई, जहां से तैयार अफीम भी बरामद कर जब्त किया गया।
इस संबंध में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 8 (बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
🚨 एसएसपी का सख्त संदेश:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
👤 गिरफ्तार आरोपी:
मार्शल संगा, निवासी खूंटी (झारखंड)
👥 फरार आरोपी:
इमानवेल भेंगरा
सीप्रियन भेंगरा
👉 पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है तथा फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
टिप्पणियाँ