एस.आर. उके को “डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर विशिष्ट सेवा सम्मान” से किया गया सम्मानित
कटंगी (बालाघाट)। अखिल भारतीय समता सैनिक दल (रजि.) के प्रांतीय क्षेत्रीय सचिव एस.आर. उके को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान एवं जनसेवा के कार्यों के लिए “डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर विशिष्ट सेवा सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रखर वक्ता एवं समाजसेवी एडवोकेट डॉ. संजय खोबरागड़े द्वारा उनके कटंगी स्थित निवास पर एक गरिमामयी एवं आत्मीय भेंट के दौरान प्रदान किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए डॉ. संजय खोबरागड़े का कुशलक्षेम जानने हेतु एस.आर. उके अपनी धर्मपत्नी एवं महिला विंग दमोह (बिरसा) की संगीता उके के साथ उनके निवास पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए तथागत बुद्ध से मंगलकामना की।
उल्लेखनीय है कि यह सम्मान पूर्व में ‘सम्यक बुद्ध विहार’ के लोकार्पण एवं संविधान दिवस समारोह (नांदी, तिरोड़ी) में प्रदान किया जाना निर्धारित था, किन्तु शासकीय व्यस्तताओं के कारण एस.आर. उके उस समय उपस्थित नहीं हो सके थे। डॉ. संजय खोबरागड़े ने इस सम्मान को सुरक्षित रखते हुए स्वयं अपने करकमलों से उन्हें भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, सुप्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार शिक्षक सुनील अंकुर डोंगरे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात एस.आर. उके ने भावुक होकर डॉ. संजय खोबरागड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सरल, सहज एवं सहयोगी व्यक्तित्व समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि डॉ. खोबरागड़े न केवल एक प्रखर वक्ता हैं, बल्कि समाज के पीड़ित एवं असहाय वर्ग के लिए सदैव संबल बनकर खड़े रहते हैं।
अंत में उके दम्पति ने उनके दीर्घायु एवं निरंतर ऊर्जावान जीवन की कामना करते हुए सादर साधुवाद ज्ञापित किया।
🔷साइंस वाणी न्यूज छत्तीसगढ़




टिप्पणियाँ