धरमजयगढ़ के 'ग्रीन सिटी' में पेयजल व्यवस्था की मांग, पार्षद ने लिखा पत्र
धरमजयगढ़- धरमजयगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र के पार्षद जानू सिदार ने पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर धरमजयगढ़ सीएमओ बी एल साहू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। सोमवार को सी एम से मुलाकात के समय जानू सिदार ने बताया कि नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 08 के सी एम पी डी आई कॉलोनी, जिसे स्थानीय स्तर पर 'ग्रीन सिटी' भी कहा जाता है, में जो बोर है उसमें से लाल रंग का दूषित पानी निकलता है, जो पीने योग्य नहीं है। जिसके चलते स्थानीय लोगों को काफी दिक्कत होती है। ऐसे में उन्होंने मांग की है कि 'ग्रीन सिटी' में तत्काल पेयजल के लिए उचित व्यवस्था करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए ताकि आने वाले गर्मी में स्थानीय जनता को पेयजल की समस्या से जूझना न पड़े।
इसके साथ ही सी एम ओ बी एल साहू से मुलाकात के दौरान जानू सिदार ने बोर पंप क्रय कर भंडारण किए जाने को लेकर मांग पत्र सौंपा है। जानू ने कहा कि गर्मियों में कई बार बोर पंप में तकनीकी समस्या के कारण आकस्मिक पेयजल संकट उत्पन्न हो जाता है। ऐसे में बोर पंप क्रय कर स्टॉक में रखना उचित समाधान है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी स्थानीय प्रशासन को इस आशय से अवगत कराया गया था। जानू ने कहा कि सभी लोगों तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए।
संवाददाता- पुरनो यादव
साइंस वाणी न्यूज़ धरमजयगढ़/कापू
टिप्पणियाँ