रायगढ़। प्रदेश में अवैध अफीम की खेती को लेकर सियासत गरमा गई है। खरसिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित प्रकोष्ठ अध्यक्ष संजय चौहान और उपाध्यक्ष धनंजय बायल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चंदा चोरी और अफीम के कारोबार को बढ़ावा देने वाली यह सरकार नाम बदलने में माहिर है, लेकिन जनता की समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
संजय चौहान और धनजय बायल ने आरोप लगाया कि सरकार ने मनरेगा, आवास योजना सहित कई योजनाओं के नाम बदल दिए, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस हैं। धान का कटोरा कहलाने वाला छत्तीसगढ़ अब अवैध अफीम की खेती के कारण बदनाम हो रहा है, जो प्रदेश के लिए चिंता का विषय है।
संजय चौहान और धनंजय बायल ने कहा कि जल, जंगल और जमीन को बेचने के बाद अब सरकार लोगों की जिंदगी को नशे के दलदल में धकेलने का काम कर रही है। उनका आरोप है कि सरकार की मिलीभगत से कुछ भाजपा नेता अवैध खेती कर रहे हैं और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए प्रदेश को नशे की लत में झोंकने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ सहित कई जिलों में इस प्रकार की अवैध खेती सामने आ रही है, जो बेहद गंभीर मामला है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ महतारी के हित में पूरे प्रदेश में चल रही इस अवैध खेती का पर्दाफाश करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि राज्यभर में अभियान चलाकर ऐसे मामलों को उजागर किया जाएगा और जनता के साथ मिलकर इस लुटेरी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम किया जाएगा।

टिप्पणियाँ