खरसिया। नगर में स्थित विभूति गैस एजेंसी के उपभोक्ता इन दिनों भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। गैस बुकिंग कराए हुए 6 दिन बीत जाने के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पाया है, जिससे लोगों के घरों में चूल्हा ठंडा पड़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस खत्म हो जाने के कारण उन्हें खाना बनाने में दिक्कत हो रही है। कई परिवार मजबूरी में लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा ले रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बार-बार एजेंसी से संपर्क करने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा।
वहीं दूसरी ओर, शासन-प्रशासन द्वारा गैस की कोई कमी नहीं होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। सवाल उठता है कि जब कागजों में सब कुछ सामान्य है, तो आम जनता को समय पर गैस क्यों नहीं मिल पा रही?
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए और उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक चुप्पी साधे रहता है और आखिर कब तक आम जनता को इस परेशानी से जूझना पड़ेगा।

टिप्पणियाँ