कांकेर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। जारी वक्तव्य में कहा गया है कि आर्थिक कुप्रबंधन और नीतिगत विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता पर सीधा असर पड़ रहा है।
कांग्रेस के अनुसार, केंद्र सरकार ने एक बार फिर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इससे पहले भी तीन महीनों में गैस की कीमतों में 525 रुपये तक की वृद्धि की जा चुकी है। वहीं हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 62 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिससे रसोई का बजट और बिगड़ गया है।
वक्तव्य में कहा गया कि सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के दावे किए गए थे, लेकिन वास्तविकता यह है कि विभिन्न राज्यों में पेट्रोल के दामों में फिर बढ़ोतरी देखी जा रही है। कई जगहों पर यह वृद्धि 1 रुपये से अधिक और कुछ स्थानों पर 4 रुपये तक दर्ज की गई है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण खाद्य तेल, दाल, राशन सामग्री और दूध जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। इससे आम आदमी की रसोई का बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। खाद्य तेल की कीमतें, जो पहले 70 रुपये प्रति लीटर के आसपास थीं, अब 200 रुपये के पार पहुंच चुकी हैं।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। वक्तव्य में कहा गया कि पहले जो सिलेंडर 400 रुपये में मिलता था, वह अब 900 से 1000 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी 1580 रुपये से बढ़कर 1691 रुपये हो गए हैं।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है और लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। पार्टी ने मांग की है कि सरकार तत्काल महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए।
टिप्पणियाँ