खरसिया। खरसिया ब्लॉक के ग्राम पतरापाली में बीती रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात चोरों ने आधी रात के सन्नाटे में एक घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी संजय चौहान के घर में रात करीब 1 से 2 बजे के बीच चोर घुस आए और घर में रखे सोना-चांदी के कीमती जेवर, मोबाइल फोन के साथ-साथ पल्सर बाइक (CG13BE2236) भी पार कर दी।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
चश्मदीद का बड़ा खुलासा
घटना में बड़ा मोड़ तब आया जब गांव के ही किसान ऋषि कुमार जायसवाल नहर के पास अपने खेत मे पानी दे रहा था उसने चौंकाने वाला खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि रात करीब 1 से 2 बजे के बीच दो संदिग्ध युवक उनके पास आए, पानी पिया और कुछ देर बातचीत की। इसी दौरान एक युवक ने किसी को फोन भी किया।
कुछ समय बाद दोनों युवक पतरापाली की ओर बढ़े और जब लौटे तो तीन लोग थे, जिनके पास एक पल्सर बाइक भी थी। इसके बाद तीनों आरोपी नहर के रास्ते सक्ती की ओर फरार हो गए। इससे साफ अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात पूरी प्लानिंग और रेकी के बाद अंजाम दी गई।
ग्रामीणों में उबाल—सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज चोरी के बाद गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से वे दहशत में हैं।
लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
बड़ा सवाल—कब लगेगी चोरियों पर लगाम?
पतरापाली की यह बड़ी वारदात एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब सबकी नजर पुलिस पर टिकी है कि आखिर कब तक इन शातिर चोरों का पर्दाफाश होता है।
फिलहाल पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल—लोग रातों को जागकर पहरा देने को मजबूर!


टिप्पणियाँ