संवाद दाता रामकुमार प्रजापति संभाग ब्यूरो
। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए करंजी पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शीतल प्याऊ की व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में करंजी चौकी क्षेत्र अंतर्गत दतिमा चौक में राहगीरों एवं स्थानीय लोगों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है।
शीतल प्याऊ का विधिवत शुभारंभ चौकी प्रभारी करंजी संतोष सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। गर्मी के मौसम में लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
चौकी प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि इस वर्ष शुरुआती दिनों से ही भीषण गर्मी पड़ने लगी है और आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। तेज धूप और लू के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे मौसम में शरीर में पानी की कमी होने से चक्कर आना, डिहाइड्रेशन और लू लगने जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तो गर्मी के प्रभाव से काफी हद तक बचा जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा और जनहित के कार्यों में भी लगातार सक्रिय रहती है। इसी सोच के साथ दतिमा चौक जैसे व्यस्त स्थान पर शीतल प्याऊ की व्यवस्था की गई है ताकि राहगीरों, मजदूरों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को गर्मी में राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था लोगों के लिए काफी राहतभरी साबित होगी। खासकर दोपहर के समय यात्रा करने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान दतिमा सरपंच प्रतिनिधि आदित्य कुमार, उप सरपंच सहमीर अंसारी, शंकर राजवाड़े सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस जनहितकारी पहल को गर्मी के मौसम में लोगों के लिए उपयोगी बताया।
टिप्पणियाँ