संवाद दाता रामकुमार प्रजापति संभाग ब्यूरो चिप
पुराने बस स्टैंड और अग्रसेन चौक में सघन जांच
अभियान के प्रथम दिन सूरजपुर जिला मुख्यालय के पुराने बस स्टैंड चौपाटी एवं अग्रसेन चौक क्षेत्र में टीम ने सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में पंजीयन संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। बिना पंजीयन संचालित व्यवसायियों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की गई।
निरीक्षण दल में अभिहित अधिकारी श्रीमती पुष्पा राज चौहान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामप्रकाश जायसवाल एवं पुलिस विभाग के सदस्य मौजूद रहे। टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खुले खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा गुणवत्ता मानकों का पालन करने की समझाइश भी दी।
बिश्रामपुर में दुग्ध कारोबारियों पर विशेष फोकस
अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को बिश्रामपुर क्षेत्र में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को ताजे और शुद्ध दुग्ध उत्पादों की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मानकों में कमी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बाहरी राज्यों से आने वाले उत्पादों पर निगरानी
विशेष अभियान के दौरान रायपुर, बिलासपुर और उत्तर प्रदेश से आने वाली बसों की भी जांच की गई। बसों के माध्यम से जिले में आने वाले दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए यह कार्रवाई की गई। प्रशासन का कहना है कि बाहरी खाद्य उत्पादों की निगरानी से मिलावटी और अमानक सामग्री की रोकथाम में मदद मिलेगी।
जिलेभर में जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा अभियान केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीर पहल है। आगामी दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह निरीक्षण जारी रहेगा।
प्रशासन की चेतावनी
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले व्यवसायियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
टिप्पणियाँ