संवाद दाता रामकुमार प्रजापति संभाग ब्यूरो चिप
शासकीय हाई स्कूल सोनपुर सु में सोमवार को कक्षा 9वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषणा के साथ विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में एसएमडीसी अध्यक्ष शिवनाथ पैंकरा, मंडल उपाध्यक्ष अहिलरन मानिकपुरी, बीडीसी प्रतिनिधि एवं भाजपा अजजा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह मार्को, प्राचार्य मिनी पाणिकर सहित विद्यालय परिवार की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
घोषित परीक्षा परिणाम में छात्रा कुंती राजवाड़े ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं सोनू पैंकरा ने द्वितीय तथा आरती राजवाड़े ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। मेधावी विद्यार्थियों का मंच पर पुष्पमाला पहनाकर और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह मार्को ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कुंती राजवाड़े को प्रोत्साहन स्वरूप 1000 रुपए नगद देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन से पढ़ने वाले विद्यार्थी ही आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करते हैं। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करना अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है।
इस अवसर पर प्राचार्य मिनी पाणिकर ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता शिक्षकों के मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग और बच्चों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी इससे प्रेरणा लेकर पढ़ाई में और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्रों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर जरूरी टिप्स भी साझा किए गए।
विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की गई। अभिभावकों ने भी बच्चों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। कार्यक्रम ने न केवल सफल छात्रों का मनोबल बढ़ाया बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
टिप्पणियाँ