संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ मुकडेगा, लैलूंगा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश एवं जिला संगठन के निर्देशानुसार भाजपा मंडल मुकडेगा की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को मुकडेगा में संपन्न हुई। बैठक मंडल अध्यक्ष श्री संजय पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मंडल अध्यक्ष, महामंत्रीगण, शक्ति केंद्र प्रभारी, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान एवं बूथ सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक शक्ति केंद्र में हर माह के तीसरे रविवार को नियमित बैठक आयोजित की जाएगी तथा बैठक का समय एवं स्थान पूर्व निर्धारित कर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही प्रत्येक बूथ में हर माह के चौथे रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” को सामूहिक रूप से सुनने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा घर-घर संपर्क अभियान चलाने, जनसंपर्क कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की फोटो सरल ऐप में अपलोड करने तथा मंडल अंतर्गत सभी मोर्चों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं कार्यकर्ताओं के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रत्येक शक्ति केंद्र के अंतर्गत सभी बूथों में पालक एवं बूथ समिति का गठन शीघ्र पूर्ण करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक एवं प्रचंड जीत तथा असम में मिली सफलता पर कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
भाजपा नेताओं ने इस जीत को राष्ट्रवाद, लोकतंत्र और जनविश्वास की जीत बताते हुए इसे कार्यकर्ताओं के संघर्ष, समर्पण एवं मेहनत का परिणाम बताया। नेताओं ने कहा कि बंगाल की जनता ने भय, हिंसा और राजनीतिक आतंक के खिलाफ मतदान कर बदलाव का स्पष्ट संदेश दिया है तथा विकास और सुशासन के पक्ष में अपना समर्थन दिया है।
बैठक में किसानों की समस्याओं, केंद्र सरकार की योजनाओं एवं संगठन की मजबूती को लेकर भी चर्चा की गई। नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व को इस सफलता का प्रमुख आधार बताया।
कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झारमुडी एवं रसगुल्ला खिलाकर जीत की खुशी मनाई और पार्टी की लगातार बढ़ती लोकप्रियता पर हर्ष व्यक्त किया।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।
टिप्पणियाँ