वित्त वर्ष 2026-27 का संकल्प बजट: गांव-गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत रोडमैप
वित्त वर्ष 2026-27 का संकल्प बजट: गांव-गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत रोडमैप
संवाद दाता रामकुमार प्रजापति
//बरौल/। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को भाजपा भटगांव मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने प्रदेश के समग्र विकास की ठोस कार्ययोजना बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में तैयार यह बजट राज्य को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा।
रमेश गुप्ता ने कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप है। कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, उन्नत बीज एवं तकनीक को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और प्रदेश की विकास दर को नई रफ्तार मिलेगी।
उन्होंने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए भी पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है। नए स्कूल भवन, महाविद्यालयों का उन्नयन, अस्पतालों में आधुनिक उपकरण और चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास प्रशिक्षण और स्वरोजगार योजनाओं को बढ़ावा देना इस बजट की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गुप्ता ने कहा कि स्टार्टअप, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन तथा स्थानीय रोजगार के अवसरों में वृद्धि से युवाओं को प्रदेश में ही बेहतर संभावनाएं मिलेंगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं में वृद्धि को उन्होंने सामाजिक मजबूती की दिशा में अहम कदम बताया। स्व-सहायता समूहों को समर्थन, पोषण और सुरक्षा योजनाओं के विस्तार से परिवार और समाज दोनों को लाभ होगा।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का यह बजट संतुलित और दूरदर्शी है, जिसमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के विकास का समान ध्यान रखा गया है। सड़कों, पुल-पुलियों, पेयजल योजनाओं और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं के विस्तार से निवेश के नए अवसर खुलेंगे और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
विपक्ष की आलोचनाओं को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता सरकार की नीयत और नीति दोनों को समझती है। आने वाले वर्षों में इस बजट के सकारात्मक परिणाम प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगे।
अंत में रमेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को जनहितैषी एवं विकासोन्मुख बजट के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास के नए शिखर तक पहुंचाने की मजबूत नींव साबित होगा।
टिप्पणियाँ